गुवाहाटी. महाराष्ट्र की अस्मि अंकुश बेदादे, उत्तर प्रदेश के जतिन कुमार कनौजिया और त्रिपुरा की प्रियंका दासगुप्ता ने तीसरे खेलो इंडिया गेम्स की जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में अपना दबदबा बनाते हुए चार-चार स्वर्ण पदक जीत लिए। गत चैम्पियन महाराष्ट्र सात स्वर्ण और आठ रजत सहित 27 पदक जीतकर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओंं के पहले दिन शनिवार को सात मीट रिकॉर्ड बने और 13 स्वर्ण का फैसला हुआ। मध्य प्रदेश ने तीन स्वर्ण पदक जीते। गुजरात ने जूडो के आठ स्वर्ण पदकों में से तीन जीते। तीरंदाजी के एक बड़े उलटफेर में वर्ल्ड कैडेट चैम्पियन कोमोलिका बारी को महाराष्ट्र की साक्षी तोते के हाथों अंडर-21 की रिकर्व स्पर्धा के दूसरे राउंड में हार का सामना करना पड़ा।
गत उपविजेता हरियाणा सातवें नंबर पर
उत्तर प्रदेश छह स्वर्ण सहित 12 पदकों के साथ दूसरे और दिल्ली पांच स्वर्ण सहित 12 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। गुजरात चार स्वर्ण सहित 10 पदकों के साथ चौथे स्थान पर है। गत उपविजेता हरियाणा दो स्वर्ण लेकर सातवें नंबर पर है। मेजबान असम के जिम्नास्ट उपाशा तालुकदार की बदौलत तीन पदक हैं।
अंडर-17 में विवेक कुमार ने जेवलिन थ्रो का स्वर्ण जीता
लड़कों की अंडर-21 की 5000 मीटर दौड़ का स्वर्ण गत चैम्पियन अजीत कुमार ने फोटो फिनिश में जीता। उन्होंने 14:39।99 का समय लेकर नया मीट रिकॉर्ड बनाया। उत्तराखंड की अंकिता ने लड़कियों की अंडर-21 की 5000 मीटर स्पर्धा 16:38।75 के नए मीट रिकॉर्ड के साथ जीती। मध्य प्रदेश के विवेक कुमार ने अंडर-17 में जेवलिन थ्रो का स्वर्ण जीता। हरियाणा के विक्रांत पांचाल ने 400 मीटर में अंडर-21 का स्वर्ण पदक जीता।